गारनेट परिवार से संबंध रखने वाला गोमेद राहू का रत्न है। इस रत्न को अंग्रेजी में हैसोनाइट के नाम से भी जाना जाता है। ज्योतिषशास्त्र के अनुसार जन्मकुंडली में राहू के प्रकोप को शांत करने के लिए गोमेद रत्न धारण किया जाता है।
राहू के अशुभ प्रभाव को कम करने के अलावा गोमेद के कई और लाभ भी हैं जो मनुष्य के जीवन को सुखी और खुशहाल बना सकता है। अगर आपमें आत्मविश्वास की कमी है या आप बात-बात पर घबराते हैं तो आपको राहू का ये चमत्कारिक रत्न मदद कर सकता है।
आत्मविश्वास बढ़ाता है
राहू के रत्न गोमेद में ऐसी चमत्कारिक शक्तियां और ऊर्जा होती है जो मनुष्य के मन को मजबूत करने का काम करती हैं। इस रत्न को पहनने से आत्मविश्वास बढ़ता है और मन की सारी शंकाएं दूर हो जाती हैं। ये रत्न डर और मन के भय को भी दूर करने में कारगर है। इस रत्न के शुभ प्रभाव से आत्मविश्वास में बढ़ोत्तरी होती है।
इसके अलावा भी राहू के रत्न गोमेद के और कई लाभ होते हैं जिनके बारे में आज इस लेख के ज़रिए हम आपको बताने वाले हैं। तो चलिए जानते हैं राहू के रत्न गोमेद के अन्य फायदों के बारे में ...
कालसर्प दोष से मुक्ति
राहू को छाया ग्रह बताया गया है और ये जन्मकुंडली में एक विशेष स्थिति में होने पर कालसर्प दोष का निर्माण करता है। अगर आपकी कुंडली में कालसर्प दोष है तो आपको राहू का गोमेद रत्न धारण करना चाहिए।
ज्योतिष के आधार पर सांपों की हत्या करने से कालसर्प दोष लगता है। राहू का रत्न आपको कालसर्प दोष के अशुभ प्रभाव से बचा सकता है।
आत्मशांति के लिए
मन बेचैन रहता है या मन में बुरे ख्याल या विचार आते रहते हैं तो आपको राहू का रत्न गोमेद जरूर धारण करना चाहिए। इस रत्न के सकारात्मक प्रभाव से दिमाग से बुरे विचार दूर रहते हैं और जो लोग कोई भी निर्णय ले पाने में खुद को असक्षम महसूस करते हैं उन्हें भी इस रत्न से लाभ होता है।
जिस व्यक्ति पर राहू का प्रभाव होता है उसमें आत्मविश्वास की कमी देखी जाती है और पह अपने जीवन के निर्णय भी स्वयं नहीं ले पाता है किंतु गोमेद धारण करने से उसका आत्मविश्वास बढ़ता है और वो अपने फैसले खुद ले पाने में सक्षम बन पाता है।
स्वास्थ्य को लाभ
ज्योतिषीय के अलावा गोमेद के स्वास्थ्य लाभ भी होते हैं। जब राहू किसी पर अपनी बुरी नज़र डालता है तो उस जातक को कई घातक व भयंकर रोग घेर लेते हैं। ऐसे में गोमेद रत्न आपकी सेहत को लाभ पहुंचाकर आपको इन रोगों से बचाने में मदद करता है।
सुख-वैभव
जब भी जन्मकुंडली में कोई रत्न अशुभ प्रभाव देता है तो उसका सबसे पहला वार व्यक्ति के सुख और समृद्धि पर होता है। ग्रह के अशुभ प्रभाव के कारण सुख की हानि तो होती ही है साथ ही संपत्ति का नुकसान भी होता है। राहू भी आपके जीवन में कुछ ऐसा ही प्रभाव डालता है लेकिन खुशी की बात तो ये है कि राहू के रत्न गोमेद से इस प्रभाव को ठीक किया जा सकता है।
अगर पब्लिक कमीशन या राजनीति से जुड़े लोग गोमेद रत्न पहनें तो इससे उनके भाग्य में वृद्धि होती है। ये जातक के सुख और समृद्धि को बढ़ाता है।
रिश्तों में सुधार
राहू आपके पारिवारिक जीवन को भी नष्ट कर सकता है इसलिए अगर आप राहू का रत्न गोमेद धारण करें तो इससे आपके पारिवारिक रिश्तों में सुधार आ सकता है। अगर आपके परिवार में हमेशा क्लेश और असंतुष्टि रहती है तो आपको राहू का गोमेद रत्न धारण करना चाहिए। इस रत्न के शुभ प्रभाव से रिश्तों में मधुरता आती है।
बुरी नज़र से बचाव
आजकल कलियुग है और इस दौर में इंसान अपने दुख से ज्यादा दूसरे के सुख से दुखी है और इसी का परिणाम है काला-जादू या जादू टोना। जी हां, दूसरे के सुख का नाश करने के लिए जादू-टोना आदि करवाया जाता है।
अगर आपको भी लगता है कि आप पर किसी ने जादू-टोना करवा रखा है तो आपकी मदद गोमेद कर सकता है। गोमेद धारण करने के बाद किसी भी तरह की नेगेटिव एनर्जी आप पर असर नहीं करती है।
कोई भी रत्न जिसमें दाग लगा या कहीं से टूटा हुआ हो उसे धारण नहीं करना चाहिए। राहू के इस शक्तिशाली रत्न के साथ माणिक्य, मूंगा, मोती और पीला पुखराज धारण नहीं करना चाहिए।






























































































Thoughts